Amit Kumar
Amit Kumar (Sepoy) (03.02.1991 - 04.12.2019) became martyr on 04.12.2019. He was from Mundsa village in Matanhail tahsil of Jhajjar district in Haryana. Unit - 2 Jat Regiment.
सिपाही अमित कुमार
सिपाही अमित कुमार
नं - 3205620M
03-02-1991 - 04-12-2019
यूनिट - 2 जाट रेजिमेंट
ऑपरेशन रक्षक
सिपाही अमित कुमार का जन्म 3 फरवरी 1991 को हरियाणा के झज्जर जिले की मातनहेल तहसील के मुंदसा गांव में श्री जयबीर सिंह के घर में हुआ था। वह भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में रंगरूट के रूप में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण के पश्चात उन्हें 2 जाट बटालियन में सिपाही के पद पर नियुक्त किया गया था।
दिसंबर 2019 में सिपाही अमित कुमार की यूनिट 2 जाट बटालियन को जम्मू-कश्मीर में तैनात किया गया था। बटालियन के सैनिक कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर तैनात थे। इनकी चौकियां दुर्गम, ऊंचाई के क्षेत्रों में स्थित थीं। चौकियों पर निगरानी रखने के अतिरिक्त, बटालियन ने चौकियों के मध्य के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए नियमित सशस्त्र गश्त आरंभ की। शीत ऋतु में भारी हिमपात ने चौकियों पर तैनात सैनिकों के लिए कार्य को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना दिया। शीत ऋतु में इस क्षेत्र में अप्रत्याशित हिमस्खलन का भी संकट था।
3 दिसंबर 2019 को ऐसा ही एक भयानक हिमस्खलन 2 जाट बटालियन की ईगल चौकी पर हुआ। इस हिमस्खलन में हवलदार राजेंद्र सिंह, सिपाही कमल कुमार और सिपाही अमित कुमार के साथ चौकी पर तैनात सैनिक टनों हिम के ढेर में दब गए। सेना द्वारा त्वरित विशेष प्रकार के उपकरणों से सुसज्जित टीम के साथ रक्षण अभियान चलाकर उन्हें निकाला गया। किंतु उस समय तक हवलदार राजेन्द्र सिंह कृष्णिया और सिपाही कमल कुमार धींधवाल वीरगति को प्राप्त हो चुके थे। सिपाही अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अंततः 4 दिसंबर 2019 को वह वीरगति को प्राप्त हो गए।
6 दिसंबर 2019 को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था। 7 फरवरी 2021 को राज्य सभा सांसद चौधरी दिपेंद्र सिंह हुड्डा ने गांव में इनकी प्रतिमा का अनावरण किया।
शहीद को सम्मान
चित्र गैलरी
स्रोत
संदर्भ
Back to The Martyrs